झारखंड राज्य संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के माध्यम से चयनित पदाधिकारियों के संयुक्त आधारभूत प्रशिक्षण के दौरान बोकारो जिला परिभ्रमण पर समाहरणालय सभागार में इंटरेक्शन कार्यक्रम का आयोजन हुआ और इस दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों ने उपायुक्त व अन्य पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।

झारखंड राज्य संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा–2023 के माध्यम से चयनित नव नियुक्त पदाधिकारियों के संयुक्त आधारभूत प्रशिक्षण के क्रम में बोकारो जिला परिभ्रमण के दौरान शनिवार को समाहरणालय सभागार में इंटरेक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने नव नियुक्त पदाधिकारियों से संवाद करते हुए प्रशासनिक सेवा के मूल्यों, कर्तव्यों और दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि अधिकारी होने के नाते अधिकार मिलना स्वाभाविक है, लेकिन पद का वास्तविक अर्थ जिम्मेदारी और सेवा से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि उड़ान कितनी भी ऊंची हो, पांव जमीन पर रहना चाहिए अर्थात सफलता और पद के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। आम जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही एक अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान होती है।

उपायुक्त ने प्रशिक्षण अवधि के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह समय सीखने और स्वयं को निखारने का सबसे अच्छा अवसर होता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही प्रत्येक जानकारी को ध्यानपूर्वक सुनें, समझें और आत्मसात करें। जो जितनी गहराई से बातों को सुनेगा, समझेगा और सीखेगा, उसका प्रशासनिक प्रदर्शन उतना ही बेहतर होगा। एक सफल और प्रभावी प्रशासनिक अधिकारी के लिए आचरण, अनुशासन और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक गुण हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम, कानून और संविधान का उद्देश्य आम नागरिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा करना है। इसलिए सभी पदाधिकारियों को संवैधानिक मूल्यों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।

इंटरेक्शन कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों ने उपायुक्त एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण, फील्ड अनुभव, प्रशासनिक चुनौतियों तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम में डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी बम बैजु, सिटी डीएसपी आलोक रंजन समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया। सभी पदाधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा समृति चिन्ह भेंट किया गया।

जानकारी हो कि, झारखंड राज्य संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के माध्यम से चयनित पदाधिकारियों के संयुक्त आधारभूत प्रशिक्षण के दौरान बोकारो जिला परिभ्रमण के तहत कुल 02 टीम ने जिले का दौरा किया। 39 पदाधिकारियों की एक टीम ने बेरमो अनुमंडल अंतर्गत सीसीएल के कोल माइंस – टीटीपीएस ललपनिया का भ्रमण किया। वहीं, 38 पदाधिकारियों की एक टीम ने जिला मुख्यालय स्थित बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) प्लांट एवं चंदनकियारी स्थित इलेक्ट्रोस्टिल – वेदांता स्टील प्लांट का भ्रमण किया। जिला मुख्यालय पहुंची टीम के साथ समाहरणालय में इंटरेक्शन कार्यक्रम हुआ।

मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी श्रीमती सत्यबाला सिन्हा/श्रीमती जया कुमारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *