धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) के प्रसूति विभाग से नवजात के चोरी होने की घटना और उससे हुई किरकिरी के बाद अस्पताल ने सतर्कता बढ़ाई है और निगरानी तेज रखने की तैयारी में लगा है। इसे लेकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने शुक्रवार को विभाग का निरीक्षण किया।

 प्रसूति विभाग में आने-जाने वाले कुछ रास्तों को पूरी तरह बंद करने के लिए चिह्नित किया गया है।  उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व प्रसूति विभाग से नवजात शिशु चोरी होने की घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अपने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

इसी क्रम में अस्पताल के अधीक्षक डॉ गिंदौरिया ने अस्पताल में निगरानी बढ़ाने के लिए सभी विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभागों और आसपास के क्षेत्रों में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की सूची मांगी थी। विभागाध्यक्षों ने शुक्रवार को अधीक्षक को सीसीटीवी कैमरा से संबंधित सूची सौंप दी है।  अस्पताल प्रबंधन ने नये सीसीटीवी कैमरे प्रसूति वार्ड, एसएनसीयू, लेबर रूम, ओपीडी कॉरिडोर, इमरजेंसी वार्ड, मुख्य प्रवेश, पेडियाट्रिक विभाग और निकास द्वार, सीढ़ियों, लिफ्ट एरिया, पार्किंग स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगाये जाने सुनिश्चित किये हैं। इस तरह कुल 90 अतिरिक्त कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जायेगी।

नवजात शिशु की चोरी वाले मामले ने अस्पताल की बहुत किरकिरी कर दी थी, जिसे ध्यान में रख कर अस्पताल ने निगरानी व्यवस्था को व्यापक रूप से मजबूत करने और इस पर ध्यान रखने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *