गढ़वा। सदर एसडीएम संजय कुमार द्वारा चलाए जा रहे सप्ताहिक ‘कॉफी विद एसडीएम’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र के सैलून संचालकों एवं हेयर ड्रेसरों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने सभी सैलून संचालकों का स्वागत करते हुए कहा कि नाई समुदाय सदियों से सामाजिक क्रियाकलापों का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनका कार्य बाल काटने तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद, जनभावनाओं और स्थानीय गतिविधियों से सीधे जुड़ा रहता है।

एसडीएम ने कहा कि हेयर सैलून ऐसे स्थान होते हैं, जहां समाज के हर वर्ग के लोग रोजाना आते-जाते हैं। ऐसे में सैलून संचालक समाज की नब्ज को समझते हैं और कई बार अनजाने में सामाजिक काउंसलर की भूमिका भी निभाते हैं। उन्होंने सैलून संचालकों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यस्थल को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक सोच का केंद्र बनाएं।

उपस्थित सदस्यों ने एसडीएम के समक्ष कई समस्याएं और सुझाव भी रखे। मांग रखी गई की कौशल उन्नयन योजना के तहत नाइयों और हेयर ड्रेसर ट्रेड से जुड़े युवाओं को भी कौशल प्रशिक्षण दिया जाए। ई-श्रम कार्ड मुहैया कराने का भी अनुरोध किया गया। व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए सुलभ और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध भी सदस्यों द्वारा किया गया। वहीं शिकायत के तौर पर ज्यादातर सदस्यों ने बताया कि नगर परिषद की दुकान आवंटन प्रक्रिया में धांधली हुई है इसलिए उन्हें दुकान नहीं मिल पाई। कुछ सदस्यों ने रंका मोड़ पर ठेले वालों द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायत की। एसडीएम ने सभी की शिकायतों को सुनकर आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों और सुझावों पर यथा संभव पहल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *