धनबाद :  कोयला माफियाओं के खिलाफ जल्दी बड़ा एक्शन प्लान लेकर आ रहे हैं। उम्मीद है अवैध खनन व कोयला चोरी की घटनाओं पर इससे रोक लगेगी। यह बात कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने बरवाअड्डा एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से बातचीत में कही।

मंत्री ने कहा कि कुछ आर्थिक रूप से कमजोर लोग रोजगार के लिए कोयला चोरी करते हैं। ऐसे लोगों की जीविका एवं रोजगार के लिए क्या किया जा सकता है, इसपर विचार किया जा रहा है। वहीं बड़े स्तर पर कोयला तस्करी में शामिल लोग, जिसे कोयला माफिया कहते हैं, इनके खिलाफ एक्शन प्लान पर काम कर रहे हैं।

बीसीसीएल सहित झारखंड स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों के खराब प्रदर्शन पर कोयला मंत्री ने कहा कि कोयले की मांग घटी नहीं है। कुछ कारण हैं, इस वजह से ऐसा लग रहा है। सबकुछ जल्दी ठीक हो जाएगा। कंपनियां इसके लिए प्रयासरत हैं। कोयले की मांग है और आगे भी रहेगी। कोयला कंपनियों के निजीकरण संबंधी सवाल पर मंत्री ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है। कोयला देश के लिए ऊर्जा स्तंभ है। झरिया पुनर्वास पर कोयला मंत्री ने कहा कि बेलगड़िया और करमाटांड़ जैसे टाउनशिप को कायदे से सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। अब बेलगड़िया में शिफ्ट होने वालों को स्थायी पट्टे पर फ्लैट मिलेगा। इसमें वे पीढ़ी दर पीढ़ी रह सकेंगे, लेकिन फ्लैट को बेच नहीं सकेंगे। उन्होंने कहा कि अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार चिंतित है और इस दिशा में लगातार जिला प्रशासन, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड तथा जेआरडीए के साथ मिलकर आगे बढ़ रही है और लोगों के हित में काम कर रही है। मौके पर धनबाद सासंद ढुलू महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा,कोल इंडिया चेयरमैन बी साई राम, उपायुक्त आदित्य रंजन, बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल, एसएसपी प्रभात कुमार आदि मौजूद थे। बेलगड़िया में विस्थापितों से सीधा संवाद में कोयला मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री भूमिगत आग प्रभावितों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं। हर महीने पुनर्वास योजना की समीक्षा करते हैं और प्रभावित परिवारों का हाल चाल लेते हैं। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सवाल करते हैं कि कितने घर बने, कितने लोग बसाए गए, क्या क्या सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रधानमंत्री तक चिंतित हैं। प्रधानमंत्री के निर्देश पर ही लगातार बेलगड़िया की स्थिति का जायजा लेने दिल्ली से कोई न कोई आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *