जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के मरीन ड्राइव (कदमा) में आज भक्ति और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिला। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र  के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया और शिलापट्ट का अनावरण कर इसकी आधारशिला रखी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहितों के द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुए इस भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद अब जमशेदपुर में ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर एक विशाल केंद्र आकार लेगा। इस भव्य केंद्र के निर्माण पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका प्रबंधन ‘श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट’ द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष के साथ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग यहां श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन समारोह का साक्षी बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट की सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाओं के माध्यम से हम न केवल खुद को बल्कि संपूर्ण मानव जीवन को तराशते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र भविष्य में सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय का एक जीवंत उदाहरण बनेगा। मुख्यमंत्री ने इस अभूतपूर्व परियोजना के मूर्त रूप लेने के लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट की सोच एवं उद्देश्य की सराहना की।

इस ऐतिहासिक अवसर पर राजनीति और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय और विधायक पूर्णिमा साहू सहित टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी.वी. नरेंद्रन, मैनेजिंग ट्रस्टी एस.के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास और श्रीधर प्रधान प्रमुख हैं।

जमशेदपुर में इस केंद्र की स्थापना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र ओडिशा और झारखंड के बीच सांस्कृतिक सेतु का भी काम करेगा। स्थानीय श्रद्धालुओं में इस भव्य मंदिर के निर्माण को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *