रांची :  झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली रेड बर्ड एविएशन कंपनी की एक एयर एंबुलेंस सोमवार शाम चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित करमाटांड़ के घने जंगलों में क्रैश हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार मरीज, डॉक्टर और पायलट समेत सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

रांची एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, विमान ने सोमवार शाम 7:11 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। शुरुआती 20 मिनट तक सब कुछ सामान्य था और विमान का संपर्क कोलकाता एटीसी से बना हुआ था। लेकिन शाम 7:34 बजे अचानक विमान का रडार और संचार संपर्क टूट गया, जिसके बाद इसकी तलाश शुरू की गई।

चतरा एसपी सुमित अग्रवाल के अनुसार ग्रामीणों से विमान गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल सिमरिया का करमाटांड़ इलाका है, जो बेहद घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा है। रात के अंधेरे और दुर्गम रास्ते के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

यह एक मेडिकल फ्लाइट थी जो एक गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। विमान में सवार सभी 7 लोगों की इस हादसे में मृत्यु हो गई है:

  1. विवेक विकास भगत: मुख्य पायलट (PIC)
  2. सबराजदीप सिंह: को-पायलट
  3. संजय कुमार: मरीज
  4. डॉ. विकास कुमार गुप्ता: डॉक्टर
  5. सचिन कुमार मिश्रा: नर्स (पैरामेडिक)
  6. अर्चना देवी: मरीज की परिजन (अटेंडेंट)
  7. धूरू कुमार: मरीज के परिजन (अटेंडेंट)

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की एक विशेष टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी या खराब मौसम को कारण माना जा रहा है, लेकिन ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। एक मरीज की जान बचाने के मिशन पर निकला विमान खुद मौत का शिकार हो गया। मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *