
बोकारोःनगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। गुरुवार से नगर पालिका क्षेत्र में मेयर, चेयरमैन और वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई है। इसी महत्वपूर्ण कड़ी में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने हेतु उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार एवं अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने बेरमो प्रखंड कार्यालय का विस्तृत दौरा किया। निरीक्षण के दौरान डीडीसी और एसी ने प्रखंड कार्यालय के विभिन्न कक्षों का भ्रमण किया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी के कक्षों की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों एवं नाम निर्देशन की पूरी प्रक्रिया से संबंधित तैयारियों की गहन जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्रुटिहीन कार्य हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीओ मुकेश मछुआ, बीडीओ मुकेश कुमार, सीओ संजीत कुमार, सीओ जरीडीह प्रणव ऋतुराज, सीओ चंद्रपुरा ईश्वर दयाल महतो और कार्यपालक दंडाधिकारी कुमार कनिष्क सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।