धनबाद : धनबाद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक समाहरणालय में डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पिछले साल के सड़क दुर्घटनाओं की रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इस दौरान हादसों की बढ़ती संख्या और उसके कारणों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि सड़क पर अंधेरे के कारण कुल 97 लोगों की जान चली गई। आठ लेन अथवा एन एच पर अब आगे अंधेरे के कारण दुर्घटना में किसी की जान जाती है तो विभाग के संबंधित अधिकारी एफआईआर में पार्टी बनाए जाएंगे।
बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि कई मामलों में यह उजागर हुआ है कि सड़क पर रोशनी की कमी के कारण हादसा हुआ है। उन्होंने वैध कट पर रोशनी की व्यवस्था करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एएनपीआर एवं स्पीड कैमरा लगाने के भी सुझाव दिए। 391 हादसों में हुई 237 लोगों की मौत बैठक में डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी ने बताया कि पिछले साल जनवरी से दिसंबर तक 391 सड़क हादसों में 237 लोगों की मौत हुई है। 129 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही 104 हादसों में 84 लोगों की मृत्यु हुई। इसमें ओवरस्पीड के कारण 162, अंधेरे के कारण 97, रॉन्ग साइड पर चलने से 29, ओवरटेकिंग से 21, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग करने से 21, 14 नाबालिग, ड्रंक एंड ड्राइव में 15 व 32 दुर्घटनाएं अन्य कारणों से हुई हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ओवरस्पीड के कारण बढ़ते हादसों को रोकने के लिए जल्द ही ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त स्पीड गन दिए जाएंगे। इंटरसेप्टर वाहन से वाहनों की स्पीड जांच करने एवं बड़े पैमाने पर स्पीड डिटेक्टिंग कैमरे लगाने का निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि सभी अंचल अधिकारी अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों की जांच करेंगे। जहां नो हेलमेट नो पेट्रोल का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके लाइसेंस को रद्द करने की अनुशंसा करेंगे।
बैठक में नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि जिले में 369 स्थान पर बुलेट, ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रेकग्निशन (एएनपीआर) एवं पीटीजेड कैमरा लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। वहीं कैमरे के पास स्पीकर भी होंगे और टू वे कम्युनिकेशन के लिए एसओएस सिस्टम रहेंगे। जहां जरूरत होगी, वहां ट्रैफिक लाइट भी लगाई जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने राह-वीर योजना पर प्रकाश डाला। कहा कि हादसों में घायलों की जान बचाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यक्ति को ₹25,000 का नकद पुरस्कार, प्रशंसा पत्र और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलता है।
बैठक में डीसी आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, एसडीओ लोकेश बारंगे, डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के साथ-साथ एनएचएआई दुर्गापुर, एनएचएआई धनबाद व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।