बेंगलुरु: कर्नाटक से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक शातिर क्रिमिनल की जगहँसाई करा दी है और उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस मामले में एक खूंखार ड्रग तस्कर अपनी ही पत्नी की पिटाई से डरकर थाने पहुंच गया। उसने पहली पत्नी पर हमले का आरोप लगाया लेकिन पुलिस ने उसकी पत्नी पर कोई कार्रवाई करने के बजाय असगर को ही गिरफ्तार कर लिया।
अपराधी सैयद असगर की एक आंख पर गंभीर चोट लगी थी जिससे लगता था कि बीवी ने उसे जमकर धोया हो। उसने पुलिस से अपनी पहली पत्नी के खिलाफ सुरक्षा की गुहार लगाई और कहा मुझे मेरी बीवी से बचाओ। लेकिन पुलिस ने उसे सुरक्षा देने के बजाय उसे ही गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया। दरअसल असगर के खिलाफ पहले से ही हत्या की कोशिश का वारंट था. पुलिस अधिकारी भी इस अपराधी को शिकायतकर्ता के रूप में देखकर दंग रह गया। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था। घरेलू झगड़े या कहें दो बीवियों के चक्कर ने उसे कानून के शिकंजे में फंसा दिया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सैयद असगर बेंगलुरु का एक जाना-माना अपराधी है। उसके ऊपर ड्रग्स तस्करी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह अपनी पहली पत्नी के साथ हुए झगड़े के बाद बुरी तरह घायल हो गया था। उसकी बाईं आंख पर गहरी चोट लगी थी। इसी चोट के साथ वह जेजे नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा। उसे उम्मीद थी कि पुलिस उसे उसकी पत्नी के प्रकोप से बचा लेगी लेकिन उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड या कहें तो पुराना पाप उसके सामने आ गया। पुलिस ने तुरंत जांच की और पाया कि उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट है। और वह बीवी से तो बच गया लेकिन पुलिस से नहीं बच पाया।