प्रखंड स्वास्थ्य मेला 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक

बोकारो: राज्य सरकार की ओर से आम जनता को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर प्रखंड स्वास्थ्य मेला का आयोजन 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह मेला प्रखंडों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्तर पर लगाया जाएगा।

उक्त जानकारी सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि बोकारो जिला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरमो में एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेक नावाडीह में 7 जनवरी को, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जरीडीह में 8 जनवरी को, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रटारी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडराजोरा चास में 9 जनवरी को,  नेहरू +2 मैदान स्वांग गोमिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चंदनकियारी एवं बालिका मध्य विद्यालय बुंडू पेटरवार में 10 जनवरी 2026 को यह मेला आयोजित किया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने जानकारी दी कि मेले के दौरान टीबी, मलेरिया, परिवार नियोजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों की मुफ्त जांच और दवा का वितरण किया जाएगा। मेले में आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड बनाए जाएंगे और पात्र लाभुकों को वितरित किए जाएंगे। आयुष पद्धति से जुड़ी जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेले में बीपी और शुगर की जांच, आंखों की जांच और जरूरतमंदों को चश्मा वितरण की व्यवस्था रहेगी। सभी कैंप में सिकल सेल स्क्रीनिंग और ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाए जाएंगे।

सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि वे स्वास्थ्य मेला में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी जांच तथा अपना उपचार भी करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *