चास में नगर निगम और फुसरो में नगर परिषद चुनाव की सरगर्मी तेज
बोकारो : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह- उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा है कि प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि चुनाव को लेकर आज अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही, पूरे क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होते ही जिले के चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव बिना किसी त्रुटि के संपन्न कराए जाएंगे। इस संबंध मे विशेष यह है कि नामांकन की शुरूआत 29 जनवरी 2026 से होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 04 फरवरी 2026 तय की गई है। नामांकन प्रपत्रों की जांच 05 फरवरी 2026 को होगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। चुनाव चिन्ह का आवंटन 07 फरवरी 2026 को होगा, मतदान की तिथि 23 फरवरी 2026 (सुबह 7 से शाम 5 बजे तक) और मतगणना 27 फरवरी 2026 को होगी। मतगणना एवं बज्रगृह का स्थल कृषि उत्पादन बाजार समिति, चास (बोकारो) में स्थापित किया गया है।
चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए डीसी अजय नाथ झा ने 12 विशेष कोषांगों का गठन किया है। उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को कार्मिक, परिवहन और मीडिया जैसे महत्वपूर्ण कोषांगों का वरीय प्रभार दिया गया है। वहीं, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी मतपत्र, हेल्पलाइन और प्रेक्षक कोषांग की कमान संभालेंगे। डीसी ने सभी अधिकारियों को एक्टिव मोड में रहने का निर्देश दिया है।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी या निजी भवनों पर बिना अनुमति पोस्टर चिपकाया या नारा लिखा तो खैर नहीं। संपत्ति विरूपण अधिनियम 1987 के तहत 6 माह की जेल या 1000 रुपये जुमार्ना का प्रावधान किया गया है। यदि कोई प्रत्याशी दीवारें गंदी करता है, तो उसे अपने खर्च पर उसे साफ कराकर मूल स्वरूप में लाना होगा। चूंकि चुनाव दलगत आधार पर नहीं हैं, इसलिए किसी भी राजनीतिक दल के नाम या झंडे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। साथ ही इस चुनाव में मतदाताओं को नोटा का कोई विकल्प नहीं होगा।
चास नगर निगम में चुनावी बिसात बिछ चुकी है। यहां कुल वार्डों की संख्या 35 तथा कुल मतदाता 1,62,073 हैं। इनमें पुरुषों की संख्या 83,106, महिलाओं की संख्या 78,950 और तृतीय लिंग की संख्या 17 है। चास नगर निगम में 130 मतदान केंद्रों के लिए 54 मतदान भवनों को चिन्हित किया गया है। महापौर प्रत्याशी अधिकतम 15 लाख और वार्ड पार्षद 3 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। फुसरो नगर परिषद में शांतिपूर्ण मतदान हेतु प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। यहां 28 वार्डों में कुल 65,082 मतदाता हैं, जिनमें पुरुषों की संख्या 33,292 और महिलाओं की संख्या 31,790 है। यहां 65 मतदान केंद्रों के लिए 43 मतदान भवनों का चयन किया गया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी 6 लाख और वार्ड पार्षद 1.5 लाख रुपये की सीमा में चुनावी खर्च करेंगे।