रांची : बाबा ग्रुप और चावल के बड़े आढ़तियों पर आयकर विभाग का शिकंजा कसता जा रहा है। 29 जनवरी से शुरू हुई बाबा एग्रो, बाबा फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड और चावल के आढ़तियों से जुड़े कुल 45 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस रेड में सबसे चौंकाने वाला मामला बिहार के गया से सामने आया है। वहां पूर्ण शराबबंदी होने के बावजूद एक व्यापारी के ठिकाने से महंगी शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।
रांची के कांके रोड, हरमू और बरियातू स्थित ठिकानों से भारी मात्रा में ‘कच्चे लेनदेन’ के सबूत और नकदी मिली है। नकदी इतनी ज्यादा है कि उसकी गिनती के लिए बैंकों से मशीनें और अधिकारियों को बुलाना पड़ा है। फिलहाल कंपनी के एमडी योगेश साहू और निदेशक एस. मोहंती, राज कुमार लाखोटिया, संचिता जायसवाल, मनीष कुमार, राखी साहू, एकता साहू और अमित कुमार सहित अन्य निदेशकों के ठिकानों पर गहन तलाशी जारी है।