बोकारो : बोकारो के चीरा चास स्थित आशियाना फेज- 4 में बोकारो कलाकार संघ के बैनर तले एक भव्य महामिलन समारोह सह पिकनिक का आयोजन हुआ जिसमें जिले के कलाकारों और साहित्यकारों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष जगदीश बाबला और महासचिव मनबोध मिश्रा द्वारा सभी आगंतुकों के
स्वागत से हुआ। अध्यक्ष बाबला ने कहा कि समाज को आईना दिखाने वाले साहित्यकार और धरा को जीवंत रखने वाले कलाकार जब एक मंच पर आते हैं, तो यह समाज के लिए गौरव का क्षण होता है। महासचिव मनबोध मिश्रा ने कहा कि संघ का उद्देश्य कलाकारों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप सम्मान दिलाना है।
सांस्कृतिक संध्या में कवियों और कलाकारों ने काव्य पाठ और गायन प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया।
वरिष्ठ कवि रणधीर चन्द्र गोस्वामी ने अपनी कविता अन्याय की दीवारें, राम आगर सिंह ने सपने में भगत सिंह आए, डॉ. दयानंद बटोही ने हम सब एक हैं, अरुण पाठक ने मैथिली सद्भावना गीत- जाति धर्म के नाम पर नहि बांटू इंसान के और मनोज उपाध्याय उर्फ सुमन ने कर्ण कुंती संवाद सुनाया।
इसके बाद गायन के क्रम में अरुण पाठक, मृत्युंजय भट्टाचार्य, सोमेश मिश्रा, रमण चौधरी और पंकज राय ने एक से बढ़कर एक गीत गाकर माहौल को संगीतमय कर दिया। कार्यक्रम का संचालन का संचालन वेंकटेश शर्मा ने किया।