बोकारो: स्टील सिटी की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल सेक्टर-4C स्थित पुराना ‘रशियन क्लब’ अब एक नए वैभव और नाम के साथ शहरवासियों की खुशियों का गवाह बनेगा। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने इसे ‘मंगलम’ के रूप में पुनर्जीवित कर सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए समर्पित कर दिया है।

नगर सेवा विभाग के मुख्य महाप्रबंधक कुंदन कुमार और संचार प्रमुख मणिकांत धान ने बताया कि इस प्रतिष्ठित परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया गया है। अब सेल कर्मचारी, सरकारी संस्थान और शैक्षणिक इकाइयां इस भव्य स्थान पर अपने उत्सव मना सकेंगे।
‘मंगलम’ में सेंट्रलाइज्ड AC ऑडिटोरियम, आधुनिक स्टेज, ग्रीन रूम और बालकनी के साथ आवासीय सुविधा यानी ठहरने के लिए 6 सुसज्जित कमरे, दक्षिण और पश्चिम दिशा में स्थित दो विशाल खुले मैदान शादी-विवाह और बड़े कार्यक्रमों के लिए जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बुकिंग की व्यवस्था है।
सिर्फ ऑडिटोरियम सेल (SAIL) कर्मचारी के लिए एक लाख रुपये में और बाहरी संस्थानों के लिए डेढ़ लाख रुपये में उपलब्ध है जबकि पूरे कॉम्प्लेक्स अर्थात हॉल, कमरे और खुले मैदान के लिए सेल कर्मचारियों को डेढ़ लाख रुपये और बाहरी संस्थानों को 2 लाख रुपये भुगतान करने होंगे।