बोकारो :  बोकारो के सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में बीते 11 जनवरी को दिनदहाड़े लूट का प्रयास करने वाले गिरोह का पुलिस ने सफाया कर दिया है। एसपी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में बोकारो पुलिस की स्पेशल टीम ने बिहार के बेगूसराय में गुप्त ऑपरेशन चलाकर दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस को तकनीकी इनपुट मिले थे कि तनिष्क शोरूम में आतंक मचाने वाले अपराधी बिहार के बेगूसराय में छिपे हैं। 2 फरवरी को पुलिस टीम ने बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर इलाके में छापेमारी कर प्रिंस कुमार (20 वर्ष) और मो. शमशाद (24 वर्ष) को दबोच लिया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पकड़े गए अपराधियों की कुंडली खंगालने पर पुलिस के होश उड़ गए। यह महज एक स्थानीय गिरोह नहीं, बल्कि एक प्रोफेशनल इंटर-स्टेट गैंग है जो देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़े शोरूम्स को निशाना बनाता है। गिरफ्तार शमशाद पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी तनिष्क शोरूम लूटने का मामला दर्ज है। वह इस गिरोह का शातिर सदस्य है जो पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है जबकि प्रिंस के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस (नशा तस्करी) और आर्म्स एक्ट के तहत दो गंभीर मामले दर्ज हैं।

11 जनवरी को बोकारो के सिटी सेंटर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित तनिष्क शोरूम में इन अपराधियों ने हथियारों के बल पर घुसकर लूट का दुस्साहस किया था। हालांकि सुरक्षा और पुलिस की सक्रियता के कारण वे बड़ी लूट को अंजाम देने में असफल रहे थे, लेकिन इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को हिलाकर रख दिया था।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों (CCTV और मोबाइल लोकेशन) के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब रही। इस सफलता से ज्वेलरी व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *