crime report-crime at bokaro- bokaro news- bokaro update-

बोकारो : बोकारो में शाम ढलते ही दहशत का साया गहराने लगा है। सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास एक कामकाजी युवती के अपहरण के सनसनीखेज प्रयास ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस बार अपराधी कोई पुरुष नहीं, बल्कि कार सवार महिलाएं थीं।

पीड़िता ने सीडब्ल्यूसी (CWC) अध्यक्ष लीला देवी की मौजूदगी में अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि कैसे एक फोन कॉल ने उसकी जान बचाई। मोबाइल की रिंगटोन लाइफ सेवर बन गई।

घटना5 फरवरी की शाम करीब 6:45 बजे की है। एक कामकाजी  युवती ऑटो से उतरकर पैदल घर जा रही थी। इसी बीच काले रंग की कार (डार्क फिल्म लगी हुई) जिस पर प्रेस’ लिखा था उसके पास आकर रुकती है। कार में बैठी दो महिलाओं ने पहले लिफ्ट देने का लालच दिया। मना करने पर पीछे बैठी महिला ने डांटकर जबरन अंदर बैठने को कहा। लेकिन ठीक उसे समय युवती के फोन की घंटी बज उठती है और उसने कॉल उठाया।  अपहरणकतार्ओं को लगा कि उसने किसी को फोन कर दिया है। पकड़े जाने के डर से वे तुरंत कार लेकर मस्जिद रोड की ओर फरार हो गए।

शहरवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि पुलिस की प्राथमिकताएं आखिर क्या हैं?  ट्रैफिक पुलिस हेलमेट और बाइक के कागजों के नाम पर जुर्माना वसूलने में व्यस्त है, जबकि शहर में बेधड़क घूम रही काली फिल्म लगी संदिग्ध कारों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

 जनवरी में आदर्श कोऑपरेटिव से दो बच्चियों के अपहरण की कोशिश हुई थी। उसमें भी काली फिल्म वाली कार का ही जिक्र था, लेकिन पुलिस अब तक खाली हाथ है।  हाल ही में सेक्टर-6 की घटना और चंदनकियारी से बरामद शवों ने नागरिकों में असुरक्षा की भावना भर दी है।

दूसरी ओर, सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि सेक्टर-4 मामले की जांच जारी है। जल्द खुलासा होगा। डीएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि हालिया मिले शवों के मामले अपहरण से नहीं जुड़े हैं। साथ ही यह भी जानकारी दी कि सेक्टर-12 से लापता महिला का पता चल गया है और उसे वापस लाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने शहरवासियों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

लेकिन इन घटनाओं के कारण शहर में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही सड़कें सुनसान हो जा रही  हैं और डरे हुए अभिभावक बच्चों को मैदानों में खेलने और कोचिंग तक भेजने से डर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *