बोकारो/चास :  नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता। कृषि उत्पादन बाजार समिति, चास में बनाए गए मतगणना केंद्र की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का व्यापक जाल बिछाया गया है, जिसके माध्यम से पूरे परिसर की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।

शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिसर में स्थापित हाई-टेक सीसीटीवी प्रणाली की बारीकी से समीक्षा की। मतगणना केंद्र के हर कोने, प्रवेश द्वार और स्ट्रांग रूम के आसपास की गतिविधियों पर सीसीटीवी के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा में तैनात कर्मियों को तकनीकी रूप से और अधिक मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी की यह व्यवस्था न केवल सुरक्षा के लिए है, बल्कि मतगणना की शुचिता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *