
रांची : रांची के प्रेस क्लब में भारत के गवैया की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी, विशिष्ट अतिथि के रूप मेंझारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव और संरक्षक के रूप में जेएमएम के वरिष्ठ नेता अंतु तिर्की की गरिमामायी उपस्थिति रही। वेबसाइट का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. महुआ मांझी ने कहा कि इस प्रकार के वेबसाइट की अत्यंत आवश्यकता थी। भारत के गवैया उभरते हुए कलाकारों के लिए एक शानदार प्लेटफॉर्म है जिससे निश्चित रूप से कलाकारों को पहचान और नाम मिलेगा। यह भारत के लिए पहली और अनूठी वेबसाइट है, जिससे 23 श्रेणियों में कलाकारों को काम और सम्मान मिल सकेगा।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने कहा इस वेबसाइट के माध्यम से संगीत जगत से बिचौलिये खत्म होंगे और कलाकारों को उनके हुनर की सही पहचान और पारिश्रमिक मिल सकेगा। अब तक बाहर के बिचौलिये यहां आकर फायदा उठाते थे, लेकिन अब स्थानीय कलाकारों को अपनी कला का सीधा लाभ मिलेगा।
संरक्षक अंतु तिर्की ने भारत के गवैया के संस्थापक वैज्ञानिक जितेन्द्र कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा, भारत के गवैया कलाकारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब कला प्रेमी मात्र एक क्लिक में अपनी पसंद के कलाकारों की बुकिंग कर सकेंगे और इन्हें भी सही कलायाप्रेमियों से मंच मिल सकेगा। भविष्य में इस वेबसाईट से कला क्षेत्र में अनंत संभावनाएं देखी जा रही हैं।