गढ़वा : गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक यूट्यूबर ने खुद अपने स्टूडियो में आग लगा दी। समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी ने एक बड़े हादसे को टाल दिया और पूरे परिवार की जान बचा ली गई।

27 वर्षीय यूट्यूबर विधायक प्रजापति ने बुधवार रात करीब 10 बजे अपने घर में बने स्टूडियो का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और वहां आग लगा दी। घर के अंदर से आती चीखें सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

चूंकि दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घर के बगल की दीवार तोड़ी और अंदर दाखिल हुए। पानी डालकर आग पर काबू पाया गया और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

गोंडा के पूर्व मुखिया और पड़ोसी प्रकाश कुमार अरुण के अनुसार, विधायक प्रजापति पिछले एक हफ्ते से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, जिसके कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। प्रजापति अपने स्टूडियो में फिल्म एडिटिंग और यूट्यूब कंटेंट का काम करते थे। इस आगजनी में हाई-टेक एडिटिंग सिस्टम, कैमरे और अन्य उपकरण जल गए हैं। अनुमान है कि 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और बची-खुची आग को पूरी तरह बुझाया गया। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी और उनकी टीम की प्रशंसा की है, क्योंकि यदि दीवार तोड़ने में थोड़ी भी देरी होती, तो पूरे परिवार के साथ बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *