बोकारो (चास) : माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज बोकारो के रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना राज्य के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। जब विद्यालय के नाम में ही ‘एक्सीलेंस’ अर्थात उत्कृष्टता निहित है, तो विद्यार्थियों का लक्ष्य भी हर हाल में उत्कृष्टता प्राप्त करना होना चाहिए।
संवाद के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सफल होने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि समय का महत्व समझना और अनुशासन का पालन करना ही सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कलाम साहब के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि सपने वे हैं जो आपको सोने न दें। साथ ही यह भी कहा कि विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचकर आत्म-विकास पर ध्यान देना चाहिए। पढ़ाई के समय ध्यान भटकना खुद के साथ अन्याय करने जैसा है।
राज्यपाल ने अपनी व्यक्तिगत जीवन यात्रा को साझा करते हुए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाया और कहा कि मात्र दो वर्ष की आयु में पिता के देहांत के बाद, ग्रामीण पृष्ठभूमि और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने सफलता प्राप्त की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता के आशीर्वाद और दृढ़ संकल्प को दिया। उनका संदेश स्पष्ट था कि “कठिन परिस्थितियाँ आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकतीं।”
उच्च शिक्षा पर जोर देते हुएउन्होंने स्वीकार किया कि राज्य में 12वीं तक की शिक्षा की स्थिति बेहतर है, लेकिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अभी काफी सुधार की आवश्यकता है, जिसके लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
उन्होंनेविद्यार्थियों को अपने माता-पिता के त्याग को याद रखने और शिक्षकों का सम्मान करने का आग्रह किया। साथ ही राज्यपाल ने सहृदयता दिखाते हुए विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें कोई समस्या हो, तो वे सीधे उन्हें पत्र लिखकर सूचित कर सकते हैं।