पटना : बिहार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने निजी जीवन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक महिला और कथित बेटी से जुड़े दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने ही करीबियों की एक “गहरी साजिश” करार दिया है। उन्होंने दोहराया कि उनका उस महिला से कोई लेना-देना नहीं है और वह अदालत में जाकर अपनी सच्चाई साबित करेंगे।

तेज प्रताप ने स्पष्ट रूप से कहा कि अनुष्का यादव नाम की महिला से उनका कोई रिश्ता नहीं है और न ही उनकी कोई बेटी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कहानियों का मकसद उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना है। इन अफवाहों के कारण वे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी एक महिला के साथ उनका नाम गलत तरीके से जोड़कर उन्हें परिवार और पार्टी से दूर करने की कोशिश की गई थी।

तेज प्रताप ने इस पूरे मामले में किसी बाहरी के बजाय अपनी ही पूर्व पार्टी (RJD) के दिग्गज नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने सांसद संजय यादव, विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह, पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव, मुकेश रौशन और तेजस्वी यादव के करीबी रमीज के नामों को सार्वजनिक करते हुए उन्हें ‘जयचंद’ कहा। तेज प्रताप का दावा है कि ये लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और वे इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

तेज प्रताप ने इस मामले में एक नया मोड़ देते हुए आकाश भाटी नामक व्यक्ति की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आकाश भाटी कौन है और उस महिला (अनुष्का) के साथ उसका क्या संबंध है? उन्होंने दोहराया कि वे अदालत में जाकर अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *