मधुमक्खियों ने 350 छात्राओं के दल को घेरा, 40 घायल, 3 अस्पताल में भर्ती!

प्रयागराज :  प्रयागराज के प्रसिद्ध चंद्रशेखर आजाद पार्क (अल्फ्रेड पार्क) में शुक्रवार को एक शैक्षणिक भ्रमण उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब मधुमक्खियों के झुंड ने स्कूली छात्राओं पर भीषण हमला कर दिया। इस घटना में करीब 40 छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें से तीन की स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के पीछे पार्क प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। पार्क के सफाई कर्मियों ने पेड़ों से गिरी सूखी पत्तियों को इकट्ठा करके उनमें आग लगा दी थी। आग से उठने वाले तेज धुएं के कारण पेड़ों पर लगे छत्तों से मधुमक्खियां उग्र होकर नीचे आ गईं और वहां मौजूद छात्राओं पर टूट पड़ीं। अचानक हुए हमले से करीब 350 छात्राओं के बीच भगदड़ मच गई और पार्क में चीख-पुकार का माहौल बन गया।

ये छात्राएं जिले के विभिन्न विकास खंडों में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की थीं। करीब 350 छात्राओं का यह दल अपने शिक्षकों के साथ एकदिवसीय ‘एक्सपोजर विजिट’ पर पार्क घूमने आया था। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल  ले जाया गया। अस्पताल के ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया।

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मिथिलेश के अनुसार कुल 40 घायल छात्राओं में से 37 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। 3 छात्राओं को बेहतर निगरानी के लिए अस्पताल के वार्ड में भर्ती किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *