मेदिनीनगर। समायोजन की मांग को लेकर आंदोलनरत 251 बर्खास्त अनुसेवकों ने बुधवार को पलामू समाहरणालय परिसर में सरकार की सद्बुद्धि के लिए विधि-विधान से पूजा-पाठ और हवन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बर्खास्त अनुसेवक शामिल हुए। इस दौरान झारखंड विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला कुमारी भी मौजूद रहे। इंदर सिंह नामधारी ने कहा कि बर्खास्त अनुसेवक लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए समायोजन की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने भी अनुसेवकों की मांग को जायज बताते हुए मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ की तर्ज पर समायोजन की अपील की। अनुसेवकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे पलामू से पैदल मार्च करते हुए रांची पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपेंगे।