14 दिनों से अगवा जमशेदपुर का युवा व्यवसायी कैरव गांधी सकुशल बरामद

जमशेदपुर : 14 दिनों से अगवा जमशेदपुर के युवा व्यवसायी कैरव गांधी को आज सुबह हजारीबाग बॉर्डर से सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने कैरव गांधी को उसके परिजनों को सौंपा। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कहा कि जिस प्रकार से राज्य में अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा है, इससे पुलिस प्रशासन से जनता का भरोसा उठ रहा है।

श्री साहू ने जमशेदपुर के व्यवसायी पुत्र कैरव गांधी के सकुशल बरामदगी को भाजपा के आंदोलन और दबाव का परिणाम बताया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा,  रघुवर दास,  मधु कोड़ा, चंपई सोरेन, सांसद विद्युत वरण महतो, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू  सहित जिलाध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है कि बिना उनके पुलिस प्रशासन पर दबाव के यह संभव नहीं था।

श्री साहू ने कहा कि पार्टी के आंदोलन के बाद लगातार जिस प्रकार से राज्य के कई गरीब मां बाप के बच्चे घर लौटे हैं, यह काम पुलिस बिना आंदोलन के भी कर सकती थी। लेकिन ऐसा लगता है कि पुलिस अपनी जिम्मेवारी से भाग रही है और अपना काम छोड़कर भ्रष्ट राज्य सरकार की टूल किट बन कर रह गई है।

उन्होंने कैरव गांधी के सकुशल घर लौटने पर पुलिस प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं नहीं हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *