patna nagar nigam news- patna news- bihar news- e-waste policy-

पटना नगर निगम की नई ई-वेस्ट पॉलिसी

पटना: क्या आपके घर के किसी कोने में पुराना मोबाइल, खराब एसी या बेकार पड़ा लैपटॉप धूल फांक  रहा है? अगर हां, तो उसे कचरे में फेंकने की गलती न करें। पटना नगर निगम (PMC) अब आपके दरवाजे से यह ई-कचरा खरीदेगा और बदले में आपको अच्छी कीमत भी देगा। शहर को पर्यावरण प्रदूषण से बचाने और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए निगम ने यह शानदार योजना तैयार की है।

इलेक्ट्रॉनिक कचरे (E-Waste) में पारा, सीसा और कैडमियम जैसे जहरीले तत्व होते हैं। जब हम इन्हें सामान्य कूड़े में फेंकते हैं, तो ये मिट्टी और पानी को जहरीला बना देते हैं। इसी खतरे को देखते हुए निगम ने एक अधिकृत एजेंसी को टेंडर जारी किया है, जो इस कचरे को रिसाइकलिंग के लिए एकत्र करेगी।

नगर निगम ने उपकरणों की स्थिति और वजन के आधार पर पारदर्शी दरें तय की हैं। मुख्य कीमतें इस प्रकार हैं।

आईटी उपकरण (प्रति किलोग्राम):

  • लैपटॉप/टैबलेट/नोटपैड: ₹150
  • कम्प्लीट सीपीयू सेट: ₹140
  • सीपीयू बॉक्स: ₹85
  • एलईडी मॉनिटर: ₹35
  • कीबोर्ड: ₹20

घरेलू उपकरण (प्रति किलोग्राम):

  • स्प्लिट एसी (कॉपर): ₹100
  • विंडो एसी (कॉपर): ₹80
  • यूपीएस / इन्वर्टर: ₹60
  • वॉशिंग मशीन / माइक्रोवेव: ₹30
  • रेफ्रिजरेटर : ₹20

 सिर्फ खरीदारी ही नहीं, निगम लोगों को जागरूक करने के लिए फरवरी के दूसरे सप्ताह से विशेष अभियान भी चलाएगा। शहर के अलग-अलग कोनों में 4 सत्र आयोजित किए जाएंगे। 45 मिनट के इन सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा बताया जाएगा कि ई-कचरे का सुरक्षित निस्तारण कैसे किया जाए। इस अभियान का उद्देश्य पटना को ई-कचरा मुक्त बनाना और नागरिकों को जिम्मेदार बनाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *