बोकारो :  खतरनाक ऊंचाई तक पुआल लादकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूस जाने वाले गाड़ियों और बेतरतीब झूलते बिजली के तार दोनों ही अब कोई नई बात नहीं रह गईं हैं। ऐसी ही एक दुर्घटना तब हुई जब मंगलवार की शाम चंदनकियारी के सुभाष चौक के पुरुलिया रोड पर हाई वोल्टेज बिजली की तारों के संपर्क में आने से पुआल लदी एक पिकअप वैन धू-धूकर जलने लगी और फिर भी चलती रही।

घटना कुछ और रौद्र रूप दिखाती उससे पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने मुसीबत को भांपते हुए अपनी  सूझबूझ दिखाई और घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्र को एक बड़ी तबाही से बचा लिया।

इस  घटना में बरमसिया की ओर से क्षमता से अधिक ऊंचाई तक पुआल लादकर आ रही पिकअप वैन सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गई और बिजली के कारण पल भर में ही सूखे पुआल में आग लग गई।

आसपास चंदनकियारी का मुख्य बाजार और घनी बस्ती थी, इसलिए लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत वाहन चालक को आगाह किया और उसे मुख्य सड़क से हटाकर लालपुर मार्ग की ओर मुड़ने को कहा।  ग्रामीणों ने जलती हुई पुआल के ऊपर चढ़ कर आग की लपटों के बीच ही सारे पुआल को नीचे फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद जलते हुए वाहन को पास स्थित एक जलाशय में घुसा दिया गया, जिससे आग पूरी तरह बुझ गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि दर्जनों वाहन नियमों को ताक पर रखकर जरूरत से ज्यादा लोड करके गुजरते हैं और सड़कों पर झूलते बेतरतीब बिजली के तार उन्हें आमंत्रण देते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *