नई दिल्ली :  दिल्ली शराब नीति से जुड़े सीबीआई  मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस अदालती फैसले को सच्चाई की जीत और विरोधियों के लिए करारा जवाब करार दिया है।

केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को सिरे से खारिज किया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने उन पर 100 करोड़ रुपये लेने के आरोप लगाए थे, लेकिन अदालत ने साफ कर दिया कि यह केस पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए खुद प्रधानमंत्री इस केस की निगरानी कर रहे थे। यह फैसला पीएम मोदी, अमित शाह और पूरी भाजपा के लिए एक जवाब है।

केजरीवाल ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में केवल इज्जत और ईमानदारी कमाई है, पैसा नहीं। विपक्षी दल उनकी इसी छवि पर चोट करना चाहते थे। अपने संबोधन में केजरीवाल ने अपनी साख और करियर का जिक्र करते हुए बताया कि IIT से पढ़ाई के बाद वे अमेरिका जा सकते थे, लेकिन देश सेवा के लिए भारत में ही रहे। उन्होंने याद दिलाया कि आयकर विभाग में नौकरी के दौरान उन्होंने कभी रिश्वत नहीं ली और ईमानदारी से काम किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनके खिलाफ कई जांचें कराई गईं, लेकिन कुछ भी साबित नहीं हो सका।

केजरीवाल ने पिछले 12 वर्षों के शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने देश को अच्छी सड़कें, पानी और बेहतर व्यवस्था देने में विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे, एयरलाइंस, बैंक और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *