बोकारो: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की सूचनाए आने के बाद बोकारो जिले में भी नगर निकाय निर्वाचन को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार को समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, बियाडा के क्षेत्रीय उप निदेशक मनोज कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के चुनाव से संबंधित सभी पत्राचार एसडीओ के माध्यम से ही किए जाएं और सुरक्षा समन्वय के लिए इनकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ को अनिवार्य रूप से भेजी जाए।
बैठक के दौरान मतदान केंद्रों के निर्धारण, संवेदनशील बूथों की पहचान और मतदाता सूची के समयबद्ध प्रकाशन पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह- उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) शफीक आलम ने बताया कि मतपत्रों की छपाई रांची के सेतु प्रिंटर्स से कराई जाएगी। डीसी ने मतपेटियों की मरम्मत , मतदान कर्मियों के डेटाबेस निर्माण और प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। चुनाव व्यय की निगरानी और आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन पर जोर देते हुए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग के मुमताज अंसारी, सामग्री कोषांग के ऋतुराज प्रसाद,परिवहन कोषांग की मारूति मिंज, प्रशिक्षण कोषांग के जगरनाथ लोहरा, अतुल कुमार चौबे, मीडिया कोषांग के रवि कुमार, अविनाश कुमार सिंह, सूचना तकनीकी कोषांग के धनंजय कुमार आदि उपस्थित थे।