पारदर्शी चुनाव के लिए बोकारो प्रशासन मुस्तैद, सीसीटीवी की निगरानी में होगा मतों का मिलान

बोकारो : बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने आगामी चुनाव की मतगणना और सामग्री वितरण की तैयारियों को लेकर चास क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की मानवीय भूल या लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है।

चास बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण करते हुए DC ने सुरक्षा मानकों को परखा। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली की जांच की। मतगणना हॉल में टेबलों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने और बैरिकेडिंग को कपड़े से सुव्यवस्थित ढंग से ढंकने का निर्देश दिया। मतगणना कर्मियों और चुनावी एजेंटों के लिए पेयजल, स्वच्छता, अल्पाहार और विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मतगणना केंद्र पर केवल तकनीकी ही नहीं, बल्कि मानवीय सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया।

पत्रकारों के लिए जहां एक पंडाल युक्त व्यवस्थित मीडिया सेंटर बनाने का निर्देश दिया गया वहीं  किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य कर्मियों से लैस एक ‘मेडिकल सेंटर’ स्थापित करने की बात उपायुक्त ने कही। निर्वाध बिजली आपूर्ति के साथ-साथ प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित करने का निर्देश भी दिया।

सेक्टर 08-बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में बनाए गए डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण करते हुए DC ने कहा कि मतपत्रों और मतपेटिकाओं के भंडारण और सामग्री पैकेट तैयार करने की प्रक्रिया की जांच की गई। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सामग्री विखंडीकरण के दौरान पूरी सावधानी बरतें ताकि मतदान दलों को रवानगी के समय किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीएम चास प्रांजल डांढा और जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. शफीक आलम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *