#chas municipal election 26 #statement of aditya sahu on municipal election #chas municipal election update # bokaro news update # election news update

बोकारो/चास :  नगर पालिका चुनाव 2026 की मतगणना के बीच चास में सियासी पारा गरमा गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मतगणना में धांधली का दावा किया है। उन्होंने चास नगर निगम क्षेत्र में पारदर्शी तरीके से दोबारा मतगणना कराने की मांग की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हेमंत सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बढ़त को देखकर सरकार बौखला गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है और प्रशासनिक अधिकारियों को ‘टूलकिट’ की तरह इस्तेमाल कर रही है। चाईबासा और चक्रधरपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां सत्ता के दबाव में गलत तरीके से जीत का सर्टिफिकेट दिया गया।

आदित्य साहू ने विशेष रूप से चास की मतगणना प्रक्रिया पर उंगली उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चास में तीसरे राउंड की गिनती के दौरान बड़े पैमाने पर हेराफेरी की गई ताकि कांग्रेस प्रत्याशी को आगे किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि जो भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत रहे हैं, उन्हें जानबूझकर हराने की कोशिश की जा रही है।

आदित्य साहू ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि वे जनमत के साथ खिलवाड़ न करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से पुनर्मतगणना की मांग की है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। भाजपा का कहना है कि यदि प्रशासन ने निष्पक्षता नहीं दिखाई, तो वे इसे लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इन आरोपों के बाद मतगणना केंद्र पर तनाव बढ़ गया है। अब देखना यह होगा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी इन आरोपों पर क्या संज्ञान लेते हैं और क्या दोबारा गिनती की मांग स्वीकार की जाती है।

हालांकि अभी तक मतगणना जारी ही है। अंतिम रूप से कोई परिणाम नहीं आया है। मतगणना के बीच में ही किसी राउंड में बढ़त या पीछे होने को लेकर इस तरह के आरोप लगाना तर्कसंगत नहीं कहा जा सकता। फिर भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी इस पर अपना पक्ष रखेंगे क्योंकि मतगणना में शुचिता और पारदर्शिता के लिए प्रशासन ने अपनी कटिबद्धता दुहराई है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *