बोकारो : बोकारो जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में जल सेवा आकलन के अंतर्गत पेयजल की नियमितता, गुणवत्ता, संचालन-रखरखाव एवं जल संरक्षण को लेकर शनिवार को ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय आधारित पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना रहा।
चास प्रखंड के हैसावतू पूर्वी एवं हैसावतू पश्चिमी पंचायत में ग्राम सभा आयोजित की गई। वहीं बेरमो प्रखंड के बेरमो पश्चिमी एवं बोर्डिया उत्तरी पंचायत में भी ग्राम सभाओं का आयोजन हुआ। नवाडीह प्रखंड के सहारिया पंचायत तथा गोमिया प्रखंड के कथारा पंचायत में भी जल सेवा आकलन को लेकर ग्राम सभा संपन्न हुई।
इन ग्राम सभाओं में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता, यूनिसेफ सहयोगी आईडीएफ टीम, प्रखंड वास कोऑर्डिनेटर, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि, जलसहिया, आंगनबाड़ी सेविकाएं, पम्प ऑपरेटर एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल, जल की बचत, जल स्रोतों के संरक्षण और संचालन-रखरखाव में सामुदायिक सहभागिता के महत्व की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा की गई।