प्यार पर पहरा ? पटना की सड़कों पर लगे विवादित पोस्टरों से मचा बवाल

पटना : पटना की सड़कों पर वैलेंटाइन डे से पहले एक बार फिर ‘मोरल पुलिसिंग’ का साया मंडराने लगा है। ‘हिंदू शिवभवानी सेना’  द्वारा लगाए गए विवादित पोस्टरों ने न केवल राहगीरों का ध्यान खींचा है, बल्कि शहर के सियासी और सामाजिक माहौल में भी उबाल ला दिया है।

पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे इन पोस्टरों में सीधी चेतावनी दी गई है। पोस्टरों पर लिखी पंक्तियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं। पोस्टर में लिखा है, जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना’ ‘हिंदू शिवभवानी सेना’ का दावा है कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है और यह “अश्लीलता” व “लव जिहाद” जैसी प्रवृत्तियों को बढ़ावा देता है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि उनके कार्यकर्ता पार्कों और रेस्टोरेंटों में घूमकर निगरानी करेंगे और जोड़ों को सार्वजनिक स्थानों पर प्रेम प्रदर्शन करने से रोकेंगे।

संगठन ने इस दिन के सेलिब्रेशन का विरोध करने के लिए भावनात्मक कार्ड भी खेला है। लोगों से अपील की गई है कि 14 फरवरी को उत्सव मनाने के बजाय पुलवामा हमले के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाए। चॉकलेट डे से लेकर वैलेंटाइन डे तक के पूरे हफ्ते को भारतीय मूल्यों के विपरीत बताया गया है।

इन पोस्टरों पर बिहार की राजनीति भी गरमा गई है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने इसे ‘नफरत की राजनीति’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को युवाओं की निजी स्वतंत्रता और पसंद में दखल देने का अधिकार नहीं है।

हालांकि पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की जा रही है। पटना पुलिस इस मामले को लेकर अलर्ट मोड में है। वैलेंटाइन डे से पहले ‘एंटी-वैलेंटाइन’ पोस्टरों ने प्रशासन का सिरदर्द बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *