जामताड़ा: झारखंड सरकार ने जन वितरण प्रणाली (PDS)  में 2G e-Posमशीनों से लाभुकों और डीलरों को हो रही परेशानी को समझा है और जल्द ही राज्य की कुल 25,428 PDS दुकानों पर 4G e-PoS मशीनें लगाने की घोषणा की है। राज्य के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में 4G e-PoS मशीनों का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि 2G मशीनों की धीमी गति और नेटवर्क समस्या के कारण लाभुकों को कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता था और राशन वितरण प्रभावित होता था। नई 4G मशीनों से इन तकनीकी दिक्कतों में काफी हद तक सुधार होगा।

राज्य में कुल 25,428 PDS दुकानों पर 4G e-PoS मशीनें लगाई जा रही हैं। इससे राशन वितरण की प्रक्रिया तेज होगी। साथ ही नेटवर्क फेल होने की समस्या कम होगी, वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी और फर्जीवाड़े पर नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

  राज्य की सभी PDS दुकानों पर अब 2G मशीनों की जगह 4G नेटवर्क से युक्त e-PoS मशीनें लगाने का उद्देश्य राशन वितरण को तेज, सुचारू और अधिक पारदर्शी बनाना है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार से डीलर कमीशन नहीं मिलने के बावजूद राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से डीलरों को भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार डीलरों को व्यवस्था का अहम हिस्सा मानती है और उनके हितों का ध्यान रखा जाएगा।

डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार ने PDS संचालन को बेहतर बनाने के लिए जिलों में रिक्त पदों पर बहाली, निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने और भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं। जामताड़ा में तीन नए गोदामों की स्वीकृति भी दी गई है और जल्द ही जन वितरण प्रणाली में चावल के साथ दाल का वितरण भी शुरू किया जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *