मुरादाबाद : असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के हम दो, हमारे दो दर्जन’ वाले बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। मुरादाबाद की एक जनसभा में उन्होंने न केवल अपनी विशाल पारिवारिक संख्या का हवाला दिया, बल्कि समर्थकों को भी ‘आबादी’ का नारा दिया।

मुरादाबाद में आयोजित एक सभा में शौकत अली ने जनसंख्या नियंत्रण की नीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आबादी बढ़ने से देश कमजोर नहीं, बल्कि मजबूत होता है। अली ने चीन की विशाल जनसंख्या का उदाहरण देते हुए इसे देश की ताकत बताया।

उन्होंने मंच से मुसलमानों को ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जब अल्लाह दे रहा है, तो लेते रहना चाहिए। उन्होंने मंच से यह भी बताया कि उनके खुद के  8  बच्चे हैं और उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं।

 जनसंख्या के अलावा शौकत अली ने समाजवादी पार्टी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल अख्तर पर मुरादाबाद में शराब कारोबार में संलिप्त होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने सपा पर मुसलमानों के हक की बात न करने का आरोप लगाते हुए मॉब लिंचिंग, हिजाब विवाद और मदरसों के बंद होने जैसे भावनात्मक मुद्दे भी उठाए।

शौकत अली ने अपनी तकरीर में हिंदू समाज को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि देश की मजबूती के लिए अधिक बच्चे होने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि मुस्लिम समाज की आबादी बढ़ने पर ही लोगों को परेशानी क्यों होती है? इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उनकी कड़ी निंदा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *