बोकारो : रविवार की सुबह जब सूरज की पहली किरणें बोकारो की सड़कों पर पड़ीं, तो वे केवल रोशनी ही नहीं, बल्कि 5800 धावकों के जोश और जुनून का गवाह बनीं। मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम से शुरू हुई सेल बोकारो हाफ मैराथन ने इस औद्योगिक शहर को एक ‘जन-उत्सव’ के केंद्र में बदल दिया।

आंकड़ों की नज़र से महाकुंभ
- कुल प्रतिभागी: 5800 धावक
- पुरुष शक्ति: 4571 धावक
- नारी शक्ति: 1229 धाविकाएं
- शुभारंभ: प्रिय रंजन (निदेशक प्रभारी, BSL) द्वारा फ्लैग-ऑफ
मैराथन के सिरमौर की बात करें तो 21 किमी की मुख्य रेस के पुरुष वर्ग (40 वर्ष तक) में राकेश महतो ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार जीता जबकि संदीप यादव दूसरे और ओम कुमार महतो तीसरे स्थान पर रहे। इसी दूरी की 40-60 वर्ष आयु वर्ग में निर्मल महतो ने बाजी मारी। वहीं राज कुमार मौर्य द्वितीय और अनिल टुडू तृतीय रहे। पुरुष वरिष्ठ नागरिक श्रेणी में आलोक कुमार महतो विजेता बने, जबकि मधुसूदन और अजय कुमार शॉ ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं की 21 किमी की दौड़ में आकांक्षा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपए अपने नाम किए, जबकि इब्बारानी महतो और भाग्यश्री क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। महिला वरिष्ठ नागरिक वर्ग में स्नेहलता माजी पहले और स्वप्ना मंडल दूसरे स्थान पर रहीं। 10 किमी की दौड़ में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जहां पुरुष वर्ग (40 वर्ष तक) में चंदन कुमार ने पहला, सुनील कुमार ने दूसरा और उमेश कोरा ने तीसरा स्थान हासिल किया। 40-60 वर्ष के वर्ग में संदीप दास विजेता रहे, जबकि सोमनाथ कोले और सतीश प्रसाद ने क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वरिष्ठ नागरिक श्रेणी में पंकज शर्मा प्रथम, पारसनाथ द्वितीय और ओम शंकर तृतीय रहे। महिलाओं की 10 किमी दौड़ में रूबी कुमारी ने प्रथम स्थान पाया, वहीं खुशी कुमारी और रितु यादव क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। महिला वर्ग (40-60 वर्ष) में रितु ग्रेस ने जीत दर्ज की। जबकि भारती गुप्ता और पूर्णिता झा उपविजेता रहीं। महिला वरिष्ठ नागरिक श्रेणी में संध्या गुप्ता ने प्रथम और नीता सरीन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।