औपचारिक घोषणा आज

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी  में झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन भी सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद  के चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हो गये हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण  ने इस चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद एक विज्ञप्ति में घोषणा की कि इस पद के लिए केवल एक प्रत्याशी श्री नबीन के ही पर्चे प्राप्त हुए जो वैध पाये गये हैं।

डॉ. लक्ष्मण के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेशों में पार्टी अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होने के  पश्चात प्रारंभ की गयी, जो न्यूनतम आवश्यक 50 प्रतिशत से अधिक है। श्री नबीन के पक्ष में नामांकन पत्र के 37 सेट जमा किये गये थे, जो जांच के उपरांत वैध पाये गये। निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना 16 जनवरी को जारी की गई थी।

1980 में रांची में जन्मे श्री नबीन वर्तमान में वह बिहार विधानसभा में  बांकीपुर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनको गत 14 दिसंबर को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था।  उन्होंने कार्यवाहक अध्यक्ष बनाये जाने के बाद 16 दिसंबर को बिहार  मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

श्री नबीन के  नाम की औपचारिक घोषणा भर होनी बाकी है। उनके मंगलवार को औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *