पुलिस-पब्लिक मैत्री फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज! सहरिया ने पिलपिलो को 3-0 से रौंदा

बोकारो : बोकारो के ऊपरघाट स्थित कंजकिरो पंचायत के पिलपिलो में बुधवार को फुटबॉल के मैदान पर ‘खाकी और जन-मन’ का अनूठा मिलन देखने को मिला। बोकारो पुलिस और आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के साझा प्रयास से तीन दिवसीय पुलिस-पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।

तारकेश्वर महतो ग्रामीण फुटबॉल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और युवाओं को खेल की मुख्यधारा से जोड़ना है।

 नावाडीह बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम और पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की।

इस मौके पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मैच सहरिया बनाम पिलपिलो था जिसमें  सहरिया की टीम ने 3-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

दूसरा मैच गोड़गड़वा बनाम कंचनपुर खेल गया जिसमें गोड़गड़वा ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर अगले दौर में जगह बनाई।

इस मौके पर बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

वहीं थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने जोर दिया कि शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद जरूरी है, जो ऐसे आयोजनों से संभव होता है।

बासुदेव शर्मा (सचिव) ने युवाओं से नशे और अपराध की राह छोड़कर खेलों के जरिए अपना भविष्य संवारने की अपील की।

प्रतियोगिता का रोमांच अभी बाकी है। 12 फरवरी को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। जबकि 13 फरवरी को फाइनल मैच और लड़कियों का विशेष प्रदर्शनी मैच आकर्षण का केंद्र रहेगा।

साथ ही मुख्य अतिथि झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाएंगी।

आयोजकों द्वारा सभी खिलाड़ियों को जर्सी और फुटबॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बोकारो सार्जेंट शिव कुमार, सुबोध मंडल, कोयलेश्वर कुमार महतो, शुभम कुमार सहित आयोजक समिति के कई सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *