पिलपिलो स्टेडियम नारायणपुर में गूंजेगा फुटबॉल का शोर
बोकारो : बोकारो पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को पाटने के लिए खेल के मैदान पर एक अनूठी पहल होने जा रही है। कल यानी 11 फरवरी 2026 से पिलपिलो के स्टेडियम में तीन दिवसीय ‘पुलिस-पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता’ का रोमांच शुरू होगा।
बोकारो जिला पुलिस और आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के इस साझा प्रयास का उद्देश्य केवल खेल नहीं, बल्कि जनता और खाकी के बीच भरोसा और आपसी सहयोग बढ़ाना है।
यहआयोजन तारकेश्वर महतो स्टेडियम, पिलपिलो (ऊपरघाट), नारायणपुर में 11 फरवरी से प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता का समापन 13 फरवरी को होगा, जिसमें झारखंड की महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती तदाशा मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनकी उपस्थिति इस आयोजन के महत्व को और अधिक बढ़ाएगी।
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह सामाजिक सौहार्द का भी हिस्सा है। उन्होंने युवाओं और खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में आकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं और इस ‘सद्भावना अभियान’ का हिस्सा बनें।