सदन की भाषा पर सड़क पर संग्राम, लोजपा ने कहा-“मर्यादा लांघ रहे राजद नेता”

पटना : बिहार की राजनीति में जुबानी जंग अब सड़कों पर उतर आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान के खिलाफ राजद विधायक द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर लोजपा (रामविलास) ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को पटना के कारगिल चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का पुतला फूंका और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

मामले की शुरुआत बिहार विधानसभा सत्र के दौरान हुई। गया से राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने चर्चा के दौरान दिवंगत नेता रामविलास पासवान का जिक्र करते हुए उन्हें कथित तौर पर “बेचारा” कह दिया। लोजपा (R) के नेताओं का मानना है कि यह शब्द पासवान जी के कद और उनके दशकों लंबे संघर्ष का अपमान है।

गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने तेजस्वी यादव और उनके विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। पटना जिलाध्यक्ष चंदन यादव ने कहा कि सदन जैसे गंभीर मंच पर ऐसी अमर्यादित भाषा का उपयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे पूरे दलित समाज का अपमान करार दिया। महिला कार्यकर्ता सोनम पासवान ने साफ किया कि जब तक राजद की ओर से माफी नहीं मांगी जाती, तब तक लोजपा का यह आंदोलन थमेगा नहीं।

लोजपा (रामविलास) के नेताओं का तर्क है कि रामविलास पासवान एक ‘सर्वमान्य’ और ‘दूरदर्शी’ नेता थे। उन्हें “बेचारा” कहना उनकी राजनीतिक विरासत को छोटा करने की एक सोची-समझी साजिश है। पार्टी का कहना है कि जिस नेता ने वंचितों और शोषितों की आवाज बुलंद की, उनके लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *