बोकारो : बेतिया निवासी शिक्षाविद यदुनाथ झा का मंगलवार को निधन हो गया। चंपारण की धरती के इस निष्काम कर्मयोगी ने अपने जीवन का लंबा समय शिक्षा विभाग को समर्पित कर दिया था। वे क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने अपनी शिक्षा से जुड़ी वृति का अंत नहीं होने दिया। अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के क्षेत्र में लोककल्याण के लिए समर्पित कर दिया। पिछले 21 वर्षों से वे बेतिया के ऐतिहासिक महाराजा पुस्तकालय में अवैतनिक रूप से प्रभारी के रूप में सेवा दे रहे थे। उन्होंने जर्जर हो चुके इस पुस्तकालय को न केवल सहेजा, बल्कि इसे डिजिटल युग की सुविधाओं से भी जोड़ा।
92 वर्षीय स्व० झा का मंगलवार को उनके गृह जिला बिहार के बेतिया में निधन हो गया। वे बोकारो के वर्तमान उपायुक्त अजय नाथ झा के पिता थे। इस दुखद समाचार की जानकारी स्वयं उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है। बताया गया है कि वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाजरत थे. उच्च पदों पर आसीन पुत्रों अजय नाथ झा, उपायुक्त बोकारो और संजय नाथ झा, सीनियर एआरटीओ लखनऊ के पिता होने के बावजूद, यदुनाथ जी की सादगी ऐसी थी कि वे अक्सर पैदल या रिक्शे से ही पुस्तकालय पहुंचते थे। वे बापू के स्वच्छता अभियान के सच्चे सिपाही थे और पुस्तकालय परिसर की सफाई स्वयं अपने हाथों से करते थे।
उपायुक्त अजय नाथ झा अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बोकारो से अपने गृह नगर बेतिया के लिए रवाना हो गए हैं।