सेक्टर-12 से लापता महिला राजस्थान में मिली; पुलिस से बोली— प्रेमी के साथ लिव-इन में रहना चाहती हूँ

बोकारो : बोकारो पुलिस ने एक पखवाड़े से चल रहे हाई-वोल्टेज ‘मिसिंग मिस्ट्री’ का पटाक्षेप कर दिया है। सेक्टर-12 से रहस्यमय तरीके से गायब हुई महिला 41 वर्षीया रिंकू देवी को पुलिस ने तकनीकी छानबीन के बाद राजस्थान के बीकानेर से ढूंढ निकाला है। हालांकि, बरामदगी के बाद महिला ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस और परिजनों दोनों को हैरान कर दिया।

थाना प्रभारी सुभाष सिंह के अनुसार, रिंकू देवी 4 फरवरी को अचानक घर से गायब हो गई थी। उसके भाई की शिकायत पर पुलिस ने जब जांच की सुई घुमाई, तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स (CDR) खंगालने पर पुलिस को महिला के राजस्थान में होने के पुख्ता सबूत मिले। एसआई सरज कुमार के नेतृत्व में बोकारो पुलिस की टीम बीकानेर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से महिला को नरेंद्र सिंह भाटी नामक व्यक्ति के साथ बरामद किया।

पुलिस की पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से गई थी। महिला ने बताया कि पति संजय सिंह (शादी 2006) से संबंधों में खटास थी। इसी बीच दो महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती नरेंद्र सिंह भाटी से हुई।

 16 साल के बेटे की मां रिंकू देवी ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया है कि वह अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहना चाहती है। उसने इसके लिए कानूनी इकरारनामा भी पेश किया है।

परिजनों की चिंता और महिला की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। बरामदगी के बाद कानूनी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है, क्योंकि महिला बालिग है और उसने अपनी स्वेच्छा से घर छोड़ने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *