
बोकारो : बोकारो में बच्चा चोरी की झूठी खबरों से उपजे तनाव के बीच जिला प्रशासन ने अब ‘डिजिटल स्ट्राइक’ की तैयारी कर ली है। शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने साफ कर दिया कि अफवाहबाजों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि बच्चा चोरी की खबरें महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक साजिश का हिस्सा हैं। उपायुक्त ने बताया कि लगभग 300 से अधिक सोशल मीडिया प्रोफाइल की पहचान की गई है, जो जानबूझकर भ्रामक और डराने वाली सूचनाएं फैला रहे हैं। इन अकाउंट्स के संचालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ FIR दर्ज करने और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अक्सर देखा गया है कि ऐसी अफवाहों के बाद भीड़ हिंसक हो जाती है। इस पर DC ने कड़ा रुख अपनाया है। यदि किसी व्यक्ति ने अफवाह के आधार पर किसी संदिग्ध के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार किया, तो उस पर हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में केस चलेगा। नागरिक कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर खुद फैसला करने के बजाय तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचित करें।
उपायुक्त ने आम जनता से समझदारी दिखाने की अपील की है। सोशल मीडिया पर आने वाले डरावने वीडियो या संदेशों को बिना वेरिफिकेशन के आगे फॉरवर्ड न करें। सभी थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष नजर रखने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।