बोकारो : आज दिनांक 23 जनवरी, 2026 को बोकारो जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। यातायात पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की मुख्य वजह यातायात नियमों की अनदेखी है। यदि सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा के प्रति चेतना विकसित करना है।
अभियान के तहत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पंपलेट के माध्यम से चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान कई वाहन चालकों ने जिला प्रशासन द्वारा की गई इस पहल की सराहना की और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे।