बोकारो :  औद्योगिक नगरी के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनडीह इलाके में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। एक दुकान से शुरू हुई इस चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की 15 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में लाखों की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई है।

स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण गैस सिलेंडर का फटना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि संबंधित दुकान में लंबे समय से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था। रिफिलिंग के दौरान एक सिलेंडर में आग लगी, जिसके बाद वहां मौजूद कई अन्य सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फटते गए। इन विस्फोटों के कारण आग तेजी से फैली और बगल की दुकानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

धमाकों की आवाज और आसमान छूती आग की लपटों को देख पूरे सिवनडीह बाजार में भगदड़ मच गई। कपड़ा, किराना और अन्य छोटी-बड़ी दुकानों में रखा सामान पूरी तरह राख हो गया है। कई दुकानदार अपनी आंखों के सामने अपनी उम्र भर की पूंजी जलते देख बेबस नजर आए। सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाई जा सकी।

इस घटना ने शहर के रिहायशी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग के काले कारोबार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में किसके संरक्षण में सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर यह खतरनाक काम किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *