देवघर : देवघर में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के हालिया बयानों पर मोर्चा खोलते हुए उन्हें सुर्खियों का भूखा करार दिया। अंसारी ने भाजपा की कार्यसंस्कृति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में अब योग्यता का पैमाना बदल चुका है।
फुरकान अंसारी ने विवाद से पहचान का आरोप लगाते हुए कहा कि निशिकांत दुबे को भाजपा में अपनी अहमियत बनाए रखने के लिए “कूड़ा-करकट” जैसी बयानबाजी करनी पड़ती है। उनके अनुसार, भाजपा में वही नेता सफल है जो गांधी, नेहरू, संविधान और अल्पसंख्यकों के खिलाफ जहर उगलता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कार्यशैली ही यही है। भाजपा आज ऐसे नेताओं का संरक्षण कर रही है जो देश की विरासत और सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाते हैं। ओछी भाषा का प्रयोग करना ही अब भाजपा में “योग्यता” बन गया है।
अंसारी ने कहा कि भाजपा का एकमात्र लक्ष्य सत्ता है। इसके लिए वे बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं जैसे असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए विवादित बयानबाजी का सहारा लेते हैं।
अंसारी ने कांग्रेस की नैतिकता का उल्लेख करते हुए भाजपा से उसकी तुलना की। कांग्रेस के पास भाजपा नेताओं के काले कारनामों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन हम कभी निजी हमले या घटिया राजनीति नहीं करते। हमारी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है, जबकि भाजपा ने मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है। लेकिन लोग अब इस खोखली बयानबाजी से ऊब चुके हैं और सही समय पर जवाब देंगे। नफरत और झूठ की राजनीति का अंत निश्चित है और आने वाले समय में जनता इस विचारधारा को करारा जवाब देगी।