ranchi news- jharkhand news- welcome hemant- cm to press-

रांची : दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे के उपरांत रांची पहुंचने पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का  बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची परिसर में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल सहित आमजनों द्वारा भव्य स्वागत हुआ। आम जनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत ढोल नगाड़ों के साथ किया।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पहली बार झारखंड से 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक  बैठक में शामिल हुआ, जो राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि रही। इस सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति एवं गण्यमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची परिसर में मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक सम्मेलन के माध्यम से झारखंड ने भी एक बड़े पटल पर अपनी बातें रखने का बेहतर प्रयास किया है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के अनुभव से राज्य के विकास को गति मिलेगी। राज्य सरकार की तरफ से हम लोगों ने दावोस और लंदन में झारखंड की आवाज पहुंचाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार एक बड़े वैश्विक मंच पर झारखंड ने अपनी उपस्थिति दर्ज की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के माध्यम से जो अनुभव राज्य सरकार को मिला है, उस अनुभव को झारखंड के समस्त जनमानस, यहां की जल, जंगल, जमीन एवं यहां के अपार संभावनाओं को एक नया आयाम देने की पहल हमारी सरकार करेगी। हमारी आने वाली पीढ़ी को किस प्रकार हम बेहतर दिशा दे सकें इसकी सकारात्मक पहल की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि इस वैश्विक सम्मेलन के माध्यम से हमने शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने का प्रयास किया है, जो कहीं न कहीं हमारे राज्य के युवा पीढ़ी को मजबूती प्रदान करेगी। राज्य में बहुत  संभावनाएं हैं और इन संभावनाओं के साथ राज्य को प्रगति के पथ पर ले जाना सरकार की प्राथमिकता है और आगे भी सरकार इस दिशा में कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *