रांची : रांची में शनिवार को माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि रांची में रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना झारखण्ड राज्य के लिए रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय है, जिससे राज्य में रक्षा भूमि प्रबंधन को अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा।
इसके पूर्व में झारखण्ड राज्य के सभी जिलों एवं सैन्य स्टेशनों की रक्षा भूमि का प्रबंधन बिहार के दानापुर से किया जा रहा था। व्यापक क्षेत्राधिकार एवं भौगोलिक दूरी को ध्यान में रखते हुए रांची में उप-कार्यालय की स्थापना से अब रक्षा भूमि से संबंधित मामलों में स्थानीय स्तर पर त्वरित, सरल एवं प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। यह नया उप-कार्यालय राज्य प्रशासन एवं रक्षा प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करेगा।
राज्यपाल ने कहा कि जब हम चैन की नींद सोते हैं, तब हमारे सैनिक सीमाओं पर जागते रहते हैं। वे विषम भौगोलिक एवं मौसमीय परिस्थितियों में, अपने परिवार और व्यक्तिगत सुख–सुविधाओं का त्याग कर, देश की रक्षा में सदैव तत्पर रहते हैं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण विश्व में अद्वितीय है।
राज्यपाल ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सैनिकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में रक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से देश की सैन्य शक्ति निरंतर सुदृढ़ हो रही है।
राज्यपाल महोदय ने रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना के लिए माननीय केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ जी एवं रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की पूरी टीम को बधाई दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यालय राष्ट्र सेवा एवं सैनिक कल्याण की भावना को और अधिक मजबूत करेगा। रांची में रक्षा संपदा उप कार्यालय का शुरू होना रक्षा क्षेत्र और आम जनता के लिए बहुत ही अच्छा और कारगर कदम है।