party politics- congress vs aimim- delhi news-

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसमें उन्होंने ‘हैदराबादी परेशानी’ का जिक्र कर सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। संसद परिसर के बताए जा रहे इस वीडियो में खड़गे, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर आगाह करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में मल्लिकार्जुन खड़गे हल्के-फुल्के लेकिन तल्ख अंदाज में इमरान मसूद से बात करते दिख रहे हैं। खड़गे ने कहा कि हैदराबाद शहर तीन चीजों के लिए जाना जाता है— पहली ‘शेरवानी’, दूसरी ‘बिरयानी’ और तीसरी ‘परेशानी’। उन्होंने सांसद को स्पष्ट हिदायत देते हुए कहा, इस हैदराबादी परेशानी को यूपी में घुसने मत देना, वरना वह खुद भी डूबेगी और हमें भी ले डूबेगी।”

हालांकि मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पूरे बयान में किसी व्यक्ति या पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में इसके स्पष्ट मायने निकाले जा रहे हैं।

अधिकांश लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि खड़गे का इशारा सीधे तौर पर एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर है।

माना जा रहा है कि कांग्रेस को डर है कि अगर ओवैसी उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन मजबूत करते हैं, तो इससे मुस्लिम वोटों का बंटवारा होगा, जिसका सीधा नुकसान ‘इंडिया गठबंधन’ को हो सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ यूजर्स इसे कांग्रेस की चुनावी रणनीति बता रहे हैं, जिसमें वह भाजपा विरोधी वोटों के बिखराव को रोकना चाहती है। वहीं, विपक्षी समर्थक इसे ओवैसी की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस की घबराहट बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *