बोकारो : आज दिनांक 16 जनवरी, 2026 को पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा सेक्टर 5 स्थित पुस्तकालय मैदान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें लगभग 1250 लोगों को यातायात नियमों, हेलमेट/सीट बेल्ट के उपयोग और सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में जानकारी दी गई। इसका मुख्य उद्देश्य बोकारो को अधिक सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति अधिक संवेदनशील और जागरूक करना है। साथ ही बताया गया कि वाहनों की उपयुक्तता, प्रदूषण और हेलमेट/सीटबेल्ट के अनुपालन की विशेष जांच की जाएगी, और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित की गई।
वहीं, राष्ट्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग-23 (NH-23) पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़क सुरक्षा संकेतों, गति सीमा बोर्डों और अन्य अल्पकालिक उपायों की स्थापना की गई। इन उपायों का उद्देश्य वाहन चालकों को सतर्क करना और दुर्घटनाओं को कम करना है।
इस क्रम में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) पर चेतावनी संकेत लगाए गए हैं, जिनमें तीव्र मोड़, संकीर्ण पुल, और पैदल यात्री क्रॉसिंग जैसी जानकारी शामिल है। साथ ही वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर गति सीमा निर्धारित करने वाले बोर्ड लगाए गए हैं। राष्ट्रीय और एक्सप्रेसवे के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित गति सीमा का पालन किया जाता है। इसके अतिरिक्त चालकों को गंतव्य की दिशा और दूरी बताने वाले सूचनात्मक बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं।
अन्य अल्पकालिक उपाय के तहत रात में और खराब मौसम में दृश्यता बढ़ाने के लिए बैरिकेड्स, सड़क सुरक्षा उपकरणों और खतरनाक मोड़ों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए हैं। लेन मार्कर के साथ छोटे रिफ्लेक्टिव रोड स्टड भी लगाए गए हैं। यातायात प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यस्त मार्गों और चौराहों पर बैरिकेड्स का उपयोग किया गया है। ब्लैक स्पॉट या संवेदनशील स्थानों के पास चालकों को सतर्क करने के लिए रंबल स्ट्रिप्स (सड़क पर कंपन पैदा करने वाली पट्टियाँ) लगाई जा रही हैं और दृश्यता को अधिकतम करने के लिए डिवाइडर के खुले स्थानों पर सोलर लाल ब्लिंकिंग सिग्नल लगाए गए हैं।
मौके पर जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।