इस साल हुए 44 चोरी कांडों का खुलासा
बोकारो: इस साल के अंत में हाफ पैंट गिरोह ने जिले में और विशेषकर चीरा चास क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से तबाही मचा रखी थी। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 44 चोरी कांडों का खुलासा किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चीराचास थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 20, बालीडीह ओपी में 5, बालीडीह थाना में 4, चास मुफस्सिल में 2, बीएस सिटी थाना में 3, सेक्टर-4 थाना में 4 तथा सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में 6 चोरी कांड का उद्भेदन किए गए हैं। साथ ही चोरी के 20 लाख के सोने-चांदी की बरामदगी हुई है।
एसपी बोकारो के अनुसार अभियान के तहत 26-27 दिसंबर 2025 की रात चिरा चास थाना क्षेत्र के के.के. सिंह कॉलोनी में चोरी की योजना बना रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चास के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने दो विधि-विरुद्ध किशोर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी में प्रयुक्त औजार व बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया।